सकतपुर थाना में सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर बैन

तारडीह/दरभंगा -सकतपुर थाना परिसर में आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष अरविन्द कुमार ने की। बैठक में अंचलाधिकारी दिलीप गुप्ता तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रीति कुमारी भी मौजूद रहीं।बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था, विसर्जन जुलूस का मार्ग, निर्धारित समय-सीमा, डीजे के उपयोग पर प्रतिबंध, साफ-सफाई तथा आपसी समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। थाना अध्यक्ष अरविन्द कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की अपील की अंचलाधिकारी दिलीप गुप्ता ने कहा कि सरस्वती पूजा ज्ञान और अनुशासन का पर्व है, इसे शांति और भाईचारे के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं बीडीओ प्रीति कुमारी ने पूजा समितियों एवं स्थानीय नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने, समय-सीमा का पालन करने तथा किसी भी समस्या की सूचना तुरंत देने का आग्रह किया।बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सरस्वती पूजा संपन्न कराने का संकल्प लिया।



