आधारपुर में स्ट्रीट लाइट नहीं लगाने पर दरभंगा सांसद के खिलाफ फूटा आक्रोश, पुतला दहन

दरभंगा। गौरा बौराम प्रखंड के आधारपुर गांव स्थित माता बिशहरी स्थान मंदिर परिसर में स्ट्रीट लाइट नहीं लगाए जाने को लेकर ग्रामीणों और छात्रों में भारी आक्रोश देखा गया। बुधवार को मिथिला स्टूडेंट यूनियन के बैनर तले कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर का पुतला दहन किया। ग्रामीणों का कहना है कि सांसद द्वारा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सेंसर युक्त स्ट्रीट लाइट लगाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद यह वादा पूरा नहीं हुआ। आरोप है कि आधारपुर के लिए स्वीकृत स्ट्रीट लाइट को किसी अन्य गांव में लगा दिया गया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। मिथिला स्टूडेंट यूनियन के छात्र नेताओं नारायण मिश्रा ‘क्रांतिकारी’, प्रकाश विश्वास, घूरन मिश्रा और परमानंद मिश्रा ने कहा कि माता बिशहरी स्थान गांव की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में यहां की मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई गई, तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा।विरोध प्रदर्शन में बिक्रम झा, नंदन राय, कुंदन राय, चंदन झा, सोनू राय, भुला कामती, रामपुनित कामती, सरोज साहू, मंगल झा, सागर मिश्रा समेत कई ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


