बिहार

सकतपुर गोलीकांड का पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, अपने ही पुलिसकर्मी पर गोली चलवाने और साजिश रचने का आरोप

अज्ञात हमलावर द्वारा गोली मारे जाने की शुरुआती कहानी जांच में निकली गलत; पुलिस वाहन के गेट से गोली बरामद

फजले हक़
दरभंगा। सकतपुर थाना क्षेत्र में 5 नवंबर को पुलिसकर्मी रणधीर कुमार को गोली लगने की घटना में दरभंगा पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस की ओर से 12 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिस घटना को शुरुआत में अज्ञात अपराधी द्वारा गोली मारने की वारदात बताया गया था, जांच में उसकी सच्चाई कुछ और ही सामने आई है। पुलिस ने अपने ही पुलिसकर्मी रणधीर कुमार को मामले में आरोपी बनाया है।पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को लगभग 14:45 से 15:00 बजे के बीच रणधीर कुमार दिवा गश्ती में प्रतिनियुक्त बल के साथ बहुअरवा की ओर से लौट रहे थे। इसी दौरान सरकारी पिस्तौल के अतिरिक्त एक अन्य अवैध पिस्तौल रखने और उसके प्रयोग के क्रम में अचानक फायर होने की बात जांच में सामने आई। गोली रणधीर कुमार के बाएं पैर में घुटने के नीचे आर-पार हो गई और गोली का अगला हिस्सा पुलिस वाहन के गेट में जाकर फंस गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचल पुलिस निरीक्षक बेहड़ा एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेनीपुर के नेतृत्व में जांच और पर्यवेक्षण किया गया। घटनास्थल का सत्यापन, सीसीटीवी फुटेज, टावर लोकेशन, पुलिस वाहन के जीपीएस तथा संबंधित पुलिसकर्मियों एवं गवाहों के बयानों का बारीकी से विश्लेषण किया गया।जांच के दौरान पुलिस वाहन के गेट में फंसी गोली एफएसएल टीम ने बरामद की। वहीं थाना परिसर में छिपाकर रखी गई एक अवैध देसी पिस्तौल भी एफएसएल टीम एवं थाना पदाधिकारियों द्वारा बरामद कर जब्त की गई। पुलिस का दावा है कि तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारे जाने की शुरुआती कहानी सही नहीं थी।पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना को लेकर पहले सकतपुर थाना कांड संख्या 139/26, दिनांक 6 नवंबर 2026 को दर्ज किया गया था। इसके बाद जांच में तथ्यों को छिपाने और अवैध हथियार रखने के आरोप में रणधीर कुमार के विरुद्ध सकतपुर थाना कांड संख्या 142/26, दिनांक 11 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 217, 229, 238 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26/27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस ने उन्हें निलंबित कर दिया है तथा उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी होने की जानकारी दी है।
इस पूरे मामले में गश्ती दल के अन्य सदस्यों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आई है। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, चालक सिपाही निलेश कुमार, महिला सिपाही मधु कुमारी, गृह रक्षक लक्ष्मण पासवान एवं महिला गृह रक्षक चंदन कुमारी पर घटना के दिन वास्तविक घटना को छिपाने का आरोप है।इन सभी को निलंबित कर दिया गया है। गृह रक्षक लक्ष्मण पासवान एवं चंदन कुमारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए जिला पदाधिकारी दरभंगा को अनुशंसा भेजी गई है। गश्ती दल में प्रतिनियुक्त अन्य कर्मियों की संलिप्तता के संबंध में भी जांच की जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है की सकतपुर गोलीकांड का यह खुलासा कई गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर जिस घटना को शुरुआत में अज्ञात अपराधियों का हमला बताया गया, उसकी वास्तविकता सामने आने में इतना समय क्यों लगा? क्या गश्ती दल के सभी सदस्यों को घटना की सच्चाई मालूम थी? यदि ऐसा था तो शुरुआती जांच में वास्तविक तथ्य सामने क्यों नहीं आए?यह मामला केवल एक पुलिसकर्मी को गोली लगने तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन, जवाबदेही और पारदर्शिता की परीक्षा भी है। कानून का पालन कराने की जिम्मेदारी जिनके कंधों पर है, यदि उन्हीं पर कानून से खिलवाड़ और घटना के तथ्य छिपाने के आरोप लगते हैं तो यह निश्चित रूप से गंभीर चिंता का विषय है।अब देखना होगा कि आगे की जांच में क्या नए तथ्य सामने आते हैं और इस मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कानून के तहत क्या कार्रवाई होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!