सकतपुर में भतीजे ने चाचा की लोहे के पाइप से की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

सकतपुर थाना क्षेत्र के आवाम गांव में रविवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक भतीजे ने अपने ही सगे चाचा की लोहे के पाइप से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय कमलू राम के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 3 से 4 बजे के बीच आरोपी छोटू राम ने अचानक चापाकल का लोहे का पाइप उठाकर कमलू राम के सिर और गले पर लगातार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सकतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छोटू राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी छोटू राम का स्वभाव पहले से ही आक्रामक बताया जाता है। लोगों का कहना है कि कुछ वर्ष पहले उसने अपने पिता की भी हत्या कर दी थी, जिससे गांव में पहले से ही भय का माहौल था।घटना के समय मृतक की पत्नी रुकमणी देवी और अन्य परिजन एक शादी समारोह में गए हुए थे। मृतक की बहन पवित्र देवी ने बताया कि रविवार का व्रत होने के कारण कमलू राम घर पर ही थे, तभी आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।मृतक अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




